मतदान के दिन सुबह चार बजे से चलेगी मेट्रो


नई दिल्ली। लोकसभा चुनाव के मद्देनजर दिल्ली में रविवार को होने वाले मतदान के दिन सुबह चार बजे से मेट्रो सेवा शुरू हो जाएगी। इस संबंध में दिल्ली मेट्रो प्रशासन ने बताया कि मतदान ड्यूटी में लगे कर्मचारियों को सुविधा देने के लिए दिल्ली मेट्रो से रविवार को सुबह चार बजे से मेट्रो सेवा शुरू करने का फैसला लिया है। उन्होंने बताया कि सुबह छह बजे तक मेट्रो आधे घंटे के अंतराल पर चलेगी। छह बजे के बाद मेट्रो सामान्य अंतराल के आधार पर चलेगी। उन्होंने बताया कि द्वारका सेक्टर-21 से वैशाली की ओर जाने वाली ट्रेनों का परिचालन सुबह 04ः30 बजे शुरू होगा। मतदान के दिन मेट्रो में किसी भी प्रकार की तकनीकी समस्या को रोकने के लिए प्रशासन ने कमर कस ली है। मेट्रो अधिकारी की माने तो पिछले कुछ समय से दोपहर के समय मेट्रो में समस्या आ रही है। रविवार को भीड़ ज्यादा रहने का अनुमान है।